गोंडा जिले में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर आज देर शाम हुए एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय किसान बृजेश तिवारी की मौत हो गई। यह घटना चौरी-मैजापुर के बीच बटौरा नहर चौराहा के पास देर शाम हुई। बताया जा रहा है कि बृजेश तिवारी होली के त्योहार को लेकर घर से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति से मिलने गए थे। मुलाकात के बाद वह पैदल वापस लौट रहे थे, तभी बटौरा नहर चौराहा के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली है। घायल बृजेश तिवारी को तत्काल परिवार के सदस्य एंबुलेंस से गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक बृजेश तिवारी अविवाहित थे और उनके कोई बच्चे नहीं थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


