मधुमक्खियों के हमले में किसान की मौत, कई ग्रामीण घायल:मैनपुरी के नगला सोती में मिर्च के खेत में काम के दौरान हमला, मवेशी भी बने शिकार

मधुमक्खियों के हमले में किसान की मौत, कई ग्रामीण घायल:मैनपुरी के नगला सोती में मिर्च के खेत में काम के दौरान हमला, मवेशी भी बने शिकार

मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के नगला सोती गांव में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में 65 वर्षीय किसान मोहर सिंह शाक्य की मौत हो गई, जबकि कई अन्य ग्रामीण घायल हो गए। बताया गया कि मोहर सिंह अपने मिर्च के खेत में काम कर रहे थे, तभी मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ ही पास के खेतों में काम कर रहे अनार सिंह, मोहर पाल, रामेश्वर दयाल, राजेश और सुनीता भी मधुमक्खियों का शिकार हुए। सुनीता अपनी खेत में चारा काट रही थीं और उनके साथ उनका सात वर्षीय नाती ऋषभ भी मौजूद था। हमले से बचने के लिए सुनीता खेत से भागकर घर पहुंचीं। मधुमक्खियों ने इस दौरान करीब एक दर्जन भैंसों पर भी हमला किया, जिनका बाद में पशुपालकों ने उपचार कराया। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मधुमक्खियों को भगाने के लिए ग्रामीणों ने जगह-जगह आग जलाकर धुआं किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मैनपुरी ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल मोहर सिंह को बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु से परिवार में दुख का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मधुमक्खियों के खतरे से निपटने के लिए उचित उपाय करने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *