लखीमपुर खीरी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार किसान की मौत हो गई। यह घटना मैगलगंज–लखीमपुर रोड स्थित खुर्दा गांव के पास शनिवार 10 जनवरी 2026 की रात करीब हुई। हादसे में बाइक सवार भी घायल हुआ है। मृतक की पहचान खुर्दा गांव निवासी 55 वर्षीय जगदीश प्रसाद पुत्र बांकेलाल के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे। परिजनों के अनुसार, जगदीश प्रसाद शनिवार को अपने गांव खुर्दा से साइकिल द्वारा मितौली बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय गांव के पास ही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसान को तत्काल मितौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में ओयल ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर रात करीब 8:00 बजे डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। मृतक के साले अशोक कुमार ने बताया कि बाइक सवार की पहचान मितौली निवासी के रूप में हुई है। हादसे में बाइक सवार भी घायल हुआ है, जिसका इलाज ओयल ट्रामा सेंटर में चल रहा है। मृतक जगदीश प्रसाद के परिवार में तीन बेटियां—शिवांशी, नैंसी और मानसी—और एक छोटा बेटा अंशुल कुमार है। उनकी किसी भी संतान की अभी शादी नहीं हुई है। आज रविवार 11 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस दौरान कस्ता विधायक सौरभ सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


