फैंस को इस साल वर्ल्डकप में फिर देखने को मिलेगा भारत-पाकिस्तान का ‘महामुकाबला’, नोट कर लें तारीख

फैंस को इस साल वर्ल्डकप में फिर देखने को मिलेगा भारत-पाकिस्तान का ‘महामुकाबला’, नोट कर लें तारीख

India vs Pakistan in FIH Hockey Men’s World Cup 2026: एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 का शेड्यूल जारी होते ही भारतीय हॉकी प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पुरुष टीम पूल-डी में पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स से भिड़ेगी, जबकि महिला टीम का सामना चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका से होगा। 

India vs Pakistan in FIH Hockey World Cup 2026: अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड्स की धरती पर होने वाले FIH हॉकी विश्व कप 2026 का पूरा शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया गया। इस बार का ड्रॉ भारतीय हॉकी प्रेमियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है, पुरुष वर्ग के पूल-D में भारत और पाकिस्तान को एक साथ रखा गया है। भारतीय पुरुष टीम पाकिस्तान से 19 अगस्त 2026 को एम्स्टेलवीन के वागेनर हॉकी स्टेडियम में भिड़ेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरु होगा।

2010 के बाद यह पहला मौका होगा जब दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी पहले दौर में आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त 2026 तक एम्स्टेलवीन (नीदरलैंड्स) के वागेनर स्टेडियम और वाव्रे (बेल्जियम) के बेलफियस हॉकी अरेना में खेला जाएगा। भारत की पुरुष व महिला, दोनों टीमें अपने ग्रुप स्टेज के मुकाबले नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में खेलेंगी।

पुरुष टीम के मुकाबले

भारतीय पुरुष टीम को पूल-D में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। तीनों मुकाबले इस प्रकार हैं:

15 अगस्त, 2026 – भारत बनाम वेल्स (शाम 4:30 बजे, वागेनर स्टेडियम, एम्स्टेलवीन): स्वतंत्रता दिवस के दिन भारतीय पुरुष टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ करेगी। वेल्स भारत के मुकाबले कमजोर टीम है, इसलिए यह मैच भारत के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर होगा। राष्ट्रीय त्योहार पर जीत दर्ज करना टीम के मनोबल को दोगुना कर देगा।

17 अगस्त, 2026 – भारत बनाम इंग्लैंड (शाम 5:30 बजे, वागेनर स्टेडियम, एम्स्टेलवीन): भारतीय टीम के लिए ग्रुप स्टेज का सबसे कठिन मुकाबला इंग्लैंड से होगा, जो इस ग्रुप की शीर्ष रैंकिंग वाली टीमों में से एक है। भारत की रैंकिंग आठवीं है और इंगेलैंड की चौथी। दोनों पारंपरिक राइवल्स के बीच इस भिड़ंत में भारत की असली परीक्षा होगी। इस मैच का नतीजा काफी हद तक यह तय करेगा कि भारत टूर्नामेंट में आगे बढ़ेगा या नहीं।

19 अगस्त, 2026 – पाकिस्तान बनाम भारत (शाम 6:30 बजे, वागेनर स्टेडियम, एम्स्टेलवीन): यही वह मुकाबला है जिसका हर हॉकी प्रेमी बेसब्री से इंतजार कर रहा है। 2010 में नई दिल्ली विश्व कप के बाद पहली बार ये दोनों पड़ोसी देश ग्रुप स्टेज में एक-दूसरे से टकराएंगे। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से रौंदा था। पाकिस्तान 2018 के बाद पहली बार विश्व कप में वापसी कर रहा है, ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए सम्मान की लड़ाई होगी। स्टेडियम का माहौल उस शाम किसी मैदान-ए-जंग से कम नहीं होगा।

महिला टीम का कार्यक्रम

महिला वर्ग में भी भारतीय टीम पूल-D में है, जहां उनका सामना चीन, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से होगा। तीनों मुकाबले इस प्रकार हैं:

16 अगस्त, 2026 – चीन बनाम भारत (शाम 4:30 बजे, वागेनर स्टेडियम, एम्स्टेलवीन): महिला टीम अपना पहला मुकाबला चीन के खिलाफ खेलेगी, जो एशिया की सबसे मजबूत टीमों में शुमार है। यह मैच भारत के लिए एक बड़ी चुनौती होगा और टीम का शुरुआती प्रदर्शन पूरे अभियान की दिशा तय करेगा।

18 अगस्त, 2026 – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका (शाम 6:30 बजे, वागेनर स्टेडियम, एम्स्टेलवीन): अफ्रीकी महाद्वीप की हॉकी में लीडर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह मुकाबला भारतीय महिला टीम के लिए अंक जुटाने का सुनहरा अवसर है। जीत से टीम नॉकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीद पक्की कर सकती है।

20 अगस्त, 2026 – भारत बनाम इंग्लैंड (शाम 6:30 बजे, वागेनर स्टेडियम, एम्स्टेलवीन): यह मुकाबला पूल का सबसे रोमांचक मैच होने की उम्मीद है। हाल ही में हैदराबाद में हुए विश्व कप क्वालीफायर के फाइनल में भारतीय महिला टीम इंग्लैंड से 0-2 से हारी थी। विश्व कप के मंच पर यह मैच बदले की भावना से खेला जाएगा और भारतीय खिलाड़ियों के सामने उस हार का हिसाब चुकाने का बेहतरीन मौका होगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *