Shahida Ansari viral content creator: बॉलीवुड की मशहूर डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान इन दिनों परदे के पीछे से ज्यादा अपनी ‘कुकिंग और व्लॉगिंग’ को लेकर चर्चा में हैं। फराह अक्सर अपने कुक दिलीप के साथ नामचीन हस्तियों के किचन में धावा बोलती हैं, लेकिन इस बार वह किसी महल जैसे बंगले में नहीं, बल्कि मुंबई के एक स्लम एरिया (झुग्गी-झोपड़ी) में पहुंचीं। फराह यहां शाहिदा अंसारी के घर मेहमान बनकर गईं थीं। जहां उनका स्वागत चाय-नाश्ते से नहीं, बल्कि जबरदस्त ‘बेइज्जती’ के साथ हुआ। आइये जानते हैं कौन है ये महिला…
फराह पहुंची शाहिदा के घर (Farah Khan Reached Shahida ansari House)
शाहिदा अंसारी मुंबई की तंग गलियों में एक कमरे के घर में रहती हैं, लेकिन सोशल मीडिया की दुनिया में वह किसी सुपरस्टार से कम नहीं हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 1 मिलियन (10 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। शाहिदा की खासियत उनका बेबाक और गुस्सैल अंदाज है। वह अपने पति और दो बेटियों के साथ मिलकर रोजमर्रा की जिंदगी पर मजेदार रील्स बनाती हैं। कपड़े धोते हुए या खाना पकाते हुए उनके चिल्लाने और लोगों को डांटने वाले अंदाज को लोग खूब पसंद करते हैं।

शाहिदा अंसारी ने मांगी फराह खान से प्रॉपर्टी (Shahida Ansari Live In Mumbai Slum Area)
फराह खान जब शाहिदा के घर पहुंचीं, तो शाहिदा ने वीडियो की शुरुआत में ही चुटकी ली और कहा, “आज हम गरीबों के घर फराह मैम आई हैं।” जब फराह ने उन्हें टोकते हुए कहा कि अमीर-गरीब कुछ नहीं होता, सब बराबर हैं, तो शाहिदा भड़क गईं। उन्होंने फराह को सीधा चैलेंज दे डाला- “ये सब झूठ बोलती है। अगर हम सब बराबर हैं तो अपनी सारी जायदाद मेरे नाम कर दो। बस, निकल गई हवा?” इसके बाद शाहिदा ने फराह के कुक दिलीप को आवाज लगाते हुए कहा, “ले जाओ इसे यहां से, इससे पहले कि मेरा असली रूप बाहर आ जाए।” यह मजेदार नोकझोंक देखकर वहां मौजूद लोगों की हंसी छूट गई।
झुग्गी में रहती है इंस्टाग्राम की मशहूर हस्ती (Shahida Ansari Is instagram star)
हंसी-मजाक के बीच फराह खान तब भावुक हो गईं जब उन्होंने शाहिदा के घर के हालात देखे। शाहिदा ने बताया कि उनके उस छोटे से कमरे में पति और बच्चों समेत कुल 10 लोग रहते हैं। यह सुनकर फराह दंग रह गईं। शाहिदा ने पिछले 8 सालों के अपने संघर्ष की कहानी सुनाई और बताया कि कैसे बचपन से उन्हें एक्टिंग का शौक था, जिसे पूरा करने के लिए उनके पति ने इंस्टाग्राम अकाउंट बनवाया। शाहिदा के वीडियो में कोई दिखावा नहीं होता, वह जैसी हैं वैसी ही कैमरे के सामने आती हैं।
वादा निभाया फराह खान ने
दरअसल, दिसंबर 2025 में शाहिदा, फराह खान के शो ‘आंटी किसको बोला’ में नजर आई थीं। वहां भी उन्होंने फराह को जमकर रोस्ट किया था। तब फराह ने वादा किया था कि वह एक दिन शाहिदा के घर आकर उनके साथ कुकिंग व्लॉग बनाएंगी। अब 2026 में फराह ने अपना वह वादा पूरा कर दिया है। शाहिदा की ‘My Life My Rules’ वाली रील ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था, और आज वह बड़े-बड़े बॉलीवुड सितारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्लॉग्स बना रही हैं।


