Nashik Ayurveda Doctor Manisha Jejurkar Suicide: महाराष्ट्र के नासिक शहर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर की प्रसिद्ध आयुर्वेदिक डॉक्टर डॉ. मनीषा जेजुरकर ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से नाशिक के चिकित्सा क्षेत्र में भारी हलचल मच गई है और हर ओर शोक व्यक्त किया जा रहा है।
पति ने फंदे से लटका पाया शव
महाराष्ट्र के नासिक शहर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां की जानी-मानी आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. मनीषा जेजुरकर (40) ने शुक्रवार सुबह अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। जब उनके पति डॉ. निलेश जेजुरकर बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौटे, तब इस भयावह घटना का खुलासा हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, डॉ. मनीषा के पति डॉ. नीलेश जेजुरकर नासिक सिविल अस्पताल में वरिष्ठ मनोचिकित्सक हैं। वह शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर पहुंचे थे। जैसे ही वे घर के बेडरूम में दाखिल हुए, उन्होंने मनीषा को खिड़की की लोहे की रॉड से लटका हुआ पाया। घबराए हुए नीलेश ने तुरंत अपने पड़ोसी डॉक्टर को बुलाया, जिन्होंने जांच के बाद मनीषा को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच और अनसुलझी गुत्थी
शहर के शांत और पॉश माने जाने वाले गंगापुर रोड (Gangapur Nashik) के डीके नगर इलाके में स्थित घर में मनीषा ने नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गंगापुर पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर किशोर पागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पारिवारिक विवाद का मामला हो सकता है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
डॉ. मनीषा जेजुरकर शहर में एक कुशल और अनुभवी आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में जानी जाती थीं। आयुर्वेदिक उपचार और परामर्श के जरिए उन्होंने अनेक मरीजों का इलाज किया था और उन्हें स्वस्थ जीवन की दिशा दिखाई थी। उनकी अचानक मौत से नासिक के चिकित्सा क्षेत्र में शोक की लहर है।


