बॉल टेंपरिंग मामले में फखर जमान को मिली कड़ी सजा, PCB ने इतने मैचों से किया बैन, जानें कब होगी वापसी

बॉल टेंपरिंग मामले में फखर जमान को मिली कड़ी सजा, PCB ने इतने मैचों से किया बैन, जानें कब होगी वापसी

Fakhar Zaman Ball Tampering Controversy: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मंगलवार को लाहौर कलंदर्स के दिग्गज बल्लेबाज़ फखर ज़मान (Fakhar Zaman) के खिलाफ सजा का ऐलान किया। रविवार को कराची किंग्स (Karachi Kings) के खिलाफ हुए पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) के एक मैच में गेंद से छेड़छाड़ के आरोपों के चलते उन्हें 2 मैचों से बैन कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी एक बयान में बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज़ को कराची किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान आचार संहिता के अनुच्छेद 2.14 का उल्लंघन करने के लिए ‘लेवल 3’ का दोषी पाया गया। जिसके बाद उन्हें दो PSL मैचों से बैन कर दिया गया है।

अंपायर्स ने बदल दी गेंद

बता दें कि 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच मुकाबले का आखिरी पल चल रहा था। तभी फखर जमान ने गेंद को खुरेदा और फिर गेंदबाज को सौंपा। ये घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई। बॉल टेंपरिंग के बाद मैदानी अंपायर्स ने लाहौर कलंदर्स पर पांच रन का जुर्माना लगाया और कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से पहले गेंद बदलने का आदेश दिया।

जब यह घटना हुई तब फखर जमान के अलावा लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और तेज़ गेंदबाज़ हारिस रऊफ के बीच एक छोटी सी बातचीत भी हुई। इसके बाद ही फखर और रऊफ को गेंद को आपस में एक-दूसरे को पास करते देखा गया, जिसके बाद अंपायर ने गेंद की जांच की और गेंद बदल दिया गया। मैच ऑफिशियल्स से बात करने के बाद फखर जमान के खिलाफ सजा सुनाई गई। उस मुकाबले को कराची किंग्स ने तीन गेंद रहते चार विकेट से जीत लिया था।

9 अप्रैल के बाद होगी वापसी

मैच के बाद जब इस मामले ने तूल पकड़ी तो फखर जमान को सफाई देनी पड़ी और उन्होंने बॉल टेंपरिंग के आरोपों को झुठला दिया। हालांकि मैच रेफरी ने सबूतों की समीक्षा करने और खिलाड़ी की बात सुनने के बाद आखिरकार उन्हें दोषी माना और सजा सुना दी। अब फखर जमान लाहौर कलंदर्स के लिए 3 अप्रैल को लाहौर में मुल्तान सुल्तान्स के खिलाफ और 9 अप्रैल को कराची में इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। उसके बाद वह मैदान पर वापसी कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *