चंदौली में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़:एक आरोपी और दो नाबालिग हिरासत में, उपकरण बरामद

चंदौली में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़:एक आरोपी और दो नाबालिग हिरासत में, उपकरण बरामद

चंदौली जिले में अलीनगर थाने की पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने नकली करेंसी बनाने के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मानस नगर के पास एक मकान से 100 रुपये के 55 नकली नोट, 100 रुपये के 57 अर्द्ध-निर्मित नोट और नकली करेंसी छापने के कई उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। सोमवार को पुलिस लाइन में मुगलसराय सीओ अरुण कुमार सिंह ने नकली नोटों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में अभी गहराई से जांच की जा रही है। सीओ सिंह ने जानकारी दी कि अलीनगर थाने की पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम सोमवार को आलमपुर अंडरपास के समीप संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मानस नगर कॉलोनी के एक मकान में नकली नोट छापने का काम चल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल उस मकान में दबिश दी, जहां से एक व्यक्ति और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। मौके से पुलिस टीम ने 100 रुपये के 55 जाली नोट, 57 अर्द्ध-निर्मित नोट, नोट छापने के पेपर, तीन प्रिंटर और एक लैपटॉप बरामद किया। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान बलुआ थानाक्षेत्र के महदेवा अमिलाई गांव निवासी उधम सिंह यादव के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने गूगल और यूट्यूब से नकली नोट बनाने के तरीके सीखे थे। वह 3500 रुपये के नकली नोट के बदले 1000 रुपये का असली नोट लेकर लोगों को देता था। पुलिस टीम में अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव और संयुक्त टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *