पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में नकली मोबिल की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। लेक्सनोस आईपी कंपनी के जांच अधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कैस्ट्रोल कंपनी के नकली मोबिल का विक्रय किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान हो रहा है और कंपनी की छवि भी प्रभावित हो रही है। इस सूचना के सत्यापन के बाद बुधवार को लेक्सनोस आईपी कंपनी के जांच अधिकारी और हैदरनगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस्लामगंज स्थित अमन ऑटोमोबाइल गैरेज में हुई इस कार्रवाई के दौरान कैस्ट्रोल कंपनी का कुल 471.900 लीटर नकली मोबिल जब्त किया गया। बीएनएस और कॉपीराइट अधिनियम की धारा के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज इस मामले में अमन ऑटोमोबाइल गैरेज के मालिक खुर्शीद आलम (51) को गिरफ्तार किया गया। खुर्शीद हैदरनगर के इस्लामगंज का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ हैदरनगर थाना में बीएनएस और कॉपीराइट अधिनियम की धारा के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जब्त किए गए नकली मोबिल में कैस्ट्रोल एक्टिव ग्रे रंग के 1 लीटर वाले 462 पीस और कैस्ट्रोल पावर 1 गोल्ड रंग के 900 एमएल वाले 11 पीस शामिल हैं। छापेमारी दल में हैदरनगर थाना के पदाधिकारी, रिजर्व गार्ड और लेक्सनोस आईपी कंपनी के अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।


