MP News: ग्वालियर शहर के शताब्दीपुरम क्षेत्र में एक रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। गोली की आवाज सुनकर परिवार मौके पर पहुंचा तो वह खून से लथपथ हालत में मृत मिले। पुलिस के अनुसार शताब्दीपुरम निवासी श्याम बहादुर सिंह (50) चार वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। गुरुवार देर रात करीब 2 बजे उन्होंने अपने कमरे में लाइसेंसी राइफल से सिर में गोली मार ली।
सुसाइड नोट नहीं मिला
घर की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि शुरुआती जांच में आर्थिक तनाव और पारिवारिक कलह आत्महत्या की संभावित वजह सामने आई है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
गोली की आवाज से जागा परिवार
गोली चलने की तेज आवाज से पत्नी और बच्चों की नींद खुल गई। कमरे में पहुंचने पर श्याम बहादुर सिंह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले और पास ही राइफल पड़ी थी। गोली सिर को चीरते हुए निकली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिटायरमेंट पर मिला अधिकांश फंड उन्होंने जमीन खरीदने में निवेश किया था।
जमीन लंबे समय से नहीं बिक रही थी, जिससे आर्थिक दबाव बढ़ गया था। इसी कारण परिवार में तनाव और कहासुनी भी होती थी। पुलिस का कहना है कि गुरुवार को भी दंपति के बीच विवाद हुआ था। मृतक को शराब पीने की आदत होने की भी जानकारी मिली है। आशंका है कि मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। (MP News)


