उज्जैन में सीएम के कार्यक्रम के पास धमाका:8 लोग झुलसे; 2 गंभीर इंदौर रेफर; रंगपंचमी पर निकली श्रीकृष्ण-सुदामा गेर में हुई घटना

उज्जैन में सीएम के कार्यक्रम के पास धमाका:8 लोग झुलसे; 2 गंभीर इंदौर रेफर; रंगपंचमी पर निकली श्रीकृष्ण-सुदामा गेर में हुई घटना

रंगपंचमी पर रविवार को सिंधी कॉलोनी चौराहा के पास श्रीकृष्ण-सुदामा रंगोत्सव गैर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। वे जिस मंच पर मौजूद थे, उससे महज 15 फीट की दूरी पर जोरदार धमाका हो गया। इसमें भास्कर के एक रिपोर्टर सहित 3 लोग झुलसकर घायल हो गए। सभी का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। गेर के दौरान भीड़ के बीच सड़क के डिवाइडर के पास किसी ने कलर स्मोक स्काई शॉट आतिशबाजी वाले पटाखे फोड़ दिए, जिससे तेज धमाका हुआ और अफरा-तफरी मच गई। कई लोग घबराकर गिर पड़े और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना के बाद कलेक्टर रोशनकुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान की जाएगी। भास्कर इनसाइट: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम फिर भी चूक रंगोत्सव गैर के लिए एक दिन पहले से ही सुरक्षा इंतजामों की तैयारी और रिहर्सल की गई थी, क्योंकि मुख्यमंत्री सिंधी कॉलोनी से टावर तक गैर में शामिल होने वाले थे। गैर मार्ग पर जगह-जगह पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात था। इसके बावजूद किसी व्यक्ति ने आतिशबाजी कर दी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई महिलाएं घबराकर बेसुध हो गईं। जहां धमाका हुआ, वहां राजेंद्र भाटिया और वीरेंद्र आंजना पास ही खड़े थे, इसलिए दोनों ज्यादा झुलस गए। उनके हाथ, पेट और चेहरे तक झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोपहर करीब 1:45 बजे इंदौर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि जिस मंच के पास धमाका हुआ, उसके ठीक सामने मुख्यमंत्री मौजूद थे। यह गनीमत रही कि धमाके के समय मुख्यमंत्री मंच से उतरने वाले थे, जिस कारण लोगों का ध्यान उनकी ओर था और बड़ा हादसा टल गया। ये लोग हुए घायल घटना में रघुवीर सिंह गोयल (61) निवासी फाजलपुरा, राजेंद्र भाटिया (57) निवासी अवंतिपुरा, देवेंद्र चौहान (38) निवासी वसंत विहार, वीरेंद्र आंजना (भाजपा मंडल अध्यक्ष, जमालपुरा), जितेंद्र कीर निवासी महालक्ष्मी नगर, आशीष धोलपुरे निवासी महावीर बाग, प्रशांत यादव (36) और गोपाल जाट निवासी उज्जैन घायल हुए हैं। मौके पर बनी भगदड़ जैसी स्थिति घटना से ठीक पहले पुलिस के वायरलेस सेट पर संदेश चल रहा था कि पटाखे बंद कराए जाएं। इसी बीच अचानक धमाका हो गया और कुछ देर के लिए मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग गिर पड़े और महिलाएं व बच्चे दहशत में आ गए। घायल रिपोर्टर प्रशांत यादव के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहा से करीब 150–200 मीटर पहले श्रीकृष्ण-सुदामा गैर की शुरुआत होने वाली थी। रंग-गुलाल खेलने के लिए हजारों लोग वहां जमा थे। करीब 10 मिनट बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंच पर पहुंचे और उनका स्वागत चल रहा था। तभी डिवाइडर के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि कुछ पल के लिए आंखों के सामने अंधेरा छा गया। चारों तरफ धुआं फैल गया और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। धुआं कम होने पर देखा कि कई लोग अपने कपड़ों में लगी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे और कुछ घायल हालत में भीड़ से दूर भाग रहे थे। कई महिलाएं घबराकर बेसुध हो गई थीं। पुलिस और प्रशासन हालात समझ पाते, तब तक आठ से ज्यादा लोग घायल हो चुके थे। इसके बाद घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया। एक महिला पुलिसकर्मी भी इस घटना में झुलस गई, जिसे इलाज के लिए माधवनगर अस्पताल भेजा गया। अज्ञात पर FIR एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि रंगोत्सव में गुब्बारे लगाए गए थे और जेसीबी से मुख्यमंत्री को माला पहनाने का कार्यक्रम रखा गया था। एहतियात के तौर पर गुब्बारे हटवा दिए गए थे और जेसीबी से माला पहनाने का कार्यक्रम भी रोक दिया गया था। इसी बीच किसी ने डिवाइडर के पास आतिशबाजी कर दी। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भीड़ के बीच किसी ने आतिशबाजी कर दी और मौके से गायब हो गया। कार्यक्रम के इंतजाम नगर निगम के पास थे और निगम ने इसके लिए एक निजी कंपनी को ठेका दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *