इंडियन डेंटल एसोसिएशन (IDA) मध्यप्रदेश स्टेट द्वारा आयोजित 43वां आईडीए एमपी स्टेट डेंटल कॉन्फ्रेंस 2026 का समापन रविवार सफल और ज्ञानवर्धक सत्रों के साथ हुआ। होटल एसेंशियामें आयोजित इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन के अंतिम दिन देशभर से आए प्रख्यात दंत विशेषज्ञों ने आधुनिक दंत चिकित्सा से जुड़े नवीनतम विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। सुबह 9 बजे से ग्रैंड बॉल रूम हॉल और ऑर्किड हॉल में समानांतर वैज्ञानिक सत्रों का आयोजन किया गया। ग्रैंड बॉल रूम हॉल में डिजिटल डेंचर्स, ग्राफ्ट-लेस इम्प्लांटोलॉजी, डेंटल लेज़र, रूट परफोरेशन डिफेक्ट्स तथा क्लियर अलाइनर्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान हुए। वहीं ऑर्किड हॉल में फेशियल एस्थेटिक्स, डे-टू-डे इम्प्लांट सर्जरी, फिक्स्ड डेंटल प्रोस्थेसिस के लिए मटीरियल चयन, इमीडिएट लोडिंग प्रोटोकॉल, स्माइल डिज़ाइनिंग, पेनलेस इंजेक्शन एवं इम्प्लांट फेल्योर मैनेजमेंट जैसे व्यावहारिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोपहर में “डेंटल ऑफिस में आपातकालीन प्रबंधन” विषय पर एक विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ दंत चिकित्सकों ने क्लिनिक में आने वाली आपात स्थितियों से निपटने के प्रभावी तरीकों पर मार्गदर्शन दिया। लंच के बाद “टेल-शो-डू” सत्र के अंतर्गत क्लिनिकल डेमो प्रस्तुत किए गए, जिन्हें प्रतिभागियों ने दैनिक प्रैक्टिस में अत्यंत उपयोगी बताया। इसके पश्चात एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) एवं इंटर कॉलेजिएट क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न दंत महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में समिति के चेयरमैन डॉ. सुमित जैन, आयोजन सह-अध्यक्ष डॉ. अमित रावत, आयोजन सचिव डॉ. आदित्य मंगल, साइंटिफिक इंचार्ज डॉ. मधुर नवलानी, डॉ. योगेन्द्र साबू, डॉ. सुरुचि सिसोदिया, डॉ. सत्यजीत, डॉ. शालीन खेत्रपाल एवं डॉ. स्वर्णजीत गंभीर सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन वैलिडिक्टरी फंक्शन के साथ सम्मेलन का औपचारिक समापन हुआ। इसमें सभी वक्ताओं, प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। यह सम्मेलन न केवल शैक्षणिक दृष्टि से बल्कि दंत चिकित्सकों के आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और नेटवर्किंग के लिए भी लाभकारी रहा।


