पाली में आबकारी टीम पर हमला, आबकारी निरीक्षक घायल:दो गाड़ियों में की तोड़फोड़, पत्थर फेंककर टीम को भगाया

पाली में आबकारी टीम पर हमला, आबकारी निरीक्षक घायल:दो गाड़ियों में की तोड़फोड़, पत्थर फेंककर टीम को भगाया

पाली में अवैध शराब पकड़ने की कार्रवाई करने गई आबकारी टीम पर आरोपी के परिजनों ने लाठी-सरियों से हमला कर दिया। जिसमें एक आबकारी निरीक्षक घायल हो गए। आरोपियों ने आबकारी दल की गाड़ी में भी जमकर तोडफोड़ की। बाद में पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। ऐसे में टीम को पीछे हटना पड़ा। बाद में पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से शराब के पव्वों से भरा एक कट्‌टा भी जब्त किया।
जेतपुर थानाप्रभारी अरूण कुमार ने बताया कि आबकारी निरीक्षक संजय अखावत ने थाने में रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि मांडावास गांव में गणपतलाल पुत्र लाखाराम के होली पर अवैध शराब बेचने की सूचना पर सोमवार सुबह करीब छह बजे चार सदस्य टीम मांडावास उसकी शॉप पर गई। जहां एक बाड़े में शराब के पव्वों से भरा कट्‌टा नजर आया। गणपतलाल से जब इसके बारे में पूछा तो वह भागने लगा। ऐसे में उसे पकड़ा। तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। जिसकी आवाज सूनकर उसके परिजन लाठी-सरिए लेकर आए और उन पर हमला कर दिया। ऐसे में उन्हें पीछे हटना पड़ा। आरोपियों ने उनकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। और उनकी टीम को भगाने के लिए पत्थर भी फेंके। इस हमले में आबकारी निरीक्षक संजय घायल हो गए। उनके हाथ में हल्का फेक्चर हो गया।
आबकारी दल की गाड़ी समझ बोलेरो में की तोड़फोड़
पास में खड़ी एक अन्य बोलेरो गाड़ी को भी आरोपियों ने आबकारी की गाड़ी समझकर उसमें भी तोड़फोड़ की। जिससे काफी नुकसान हुआ।
पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ा
इधर सूचना पर जेतपुर थाना पुलिस मांडावास गांव पहुंची। जहां उन्होंने आरोपी गणपतलाल को हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से जेतपुर थाने और आबकारी थाने में अवैध रूप से शराब बेचने के 8-9 मामले दर्ज है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *