आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की:ग्वालियर में 28 लाख की अवैध शराब और सामग्री जब्त

आबकारी विभाग ने ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र में अवैध शराब बनाने और बेचने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को करीब 28 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब और सामग्री जब्त की गई। मौके पर भारी मात्रा में गुड़ लहान भी नष्ट किया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान और संभागीय आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर, सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया गया। प्रभारी आबकारी कंट्रोल उमेश स्वर्णकार ने बताया कि गोलपुरा, चकमियापुर और गोहिंदा गांवों में अवैध शराब बनाई जा रही थी। सूचना मिलने पर आबकारी टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी में 32 ड्रमों में 6,400 किलोग्राम गुड़ लहान और जमीन में बने अलग-अलग गड्ढों से लगभग 22,000 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद हुआ। इसके अलावा, 20 लीटर हाथ भट्टी से बनी शराब और दो बड़ी स्टील भट्टियां भी जब्त की गईं। 10 आराेपियों के खिलाफ केस दर्ज जांच के बाद गुड़ लहान के सैंपल लिए गए और बाकी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसे फिर से अवैध रूप से इस्तेमाल न किया जा सके। इस कार्रवाई में अवैध शराब बनाने और बेचने वाले 10 आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत केस दर्ज किया गया। आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त की गई शराब, नष्ट किए गए गुड़ लहान और भट्टियों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख 84 हजार रुपए है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *