बरेली। अब जिले में कोई भी सड़क हादसा अगर तीन से अधिक लोगों की जान लेता है, तो उसे सामान्य घटना नहीं माना जाएगा। ऐसे हर केस में स्पेशल रिपोर्ट फाइल होगी, जिसमें हादसे की वजह से लेकर जिम्मेदारों तक की परत-दर-परत जांच होगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा है कि अब हर मौत का हिसाब लिया जाएगा।
एसएसपी ने आदेश दिया कि जिन दुर्घटनाओं में तीन से अधिक मौतें होंगी, उन्हें विशेष श्रेणी में दर्ज कर विस्तृत जांच की जाएगी। इसमें यह भी तय होगा कि हादसा किन कारणों से हुआ और किस स्तर पर चूक हुई। विवेचकों को समयबद्ध तरीके से आई-रेड पोर्टल पर पूरी रिपोर्ट अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है।
मौत के आंकड़ों पर सख्ती, कई थानों पर विभागीय जांच शुरू
लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में मौत के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। कैंट, देवरनियां, नवाबगंज, फतेहगंज पूर्वी, बहेड़ी, आंवला और इज्जतनगर थाना क्षेत्रों में अधिक मौतों के चलते विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। बैठक में एसएसपी ने हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने, ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर नियम तोड़ने वालों के लिए अब कोई नरमी नहीं होगी।
जाम से निजात के लिए नई रणनीति, पीक आवर पर फोकस
‘रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेक्शन’ योजना के तहत रूट प्लानिंग, डायवर्जन और पीक आवर मैनेजमेंट को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक सिस्टम को स्मार्ट बनाने और हादसों को रोकने के लिए हर स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाई जाएगी।
बेहतर काम पर इनाम, भोजीपुरा टीम को 25 हजार का पुरस्कार
सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल में बेहतर प्रदर्शन करने पर भोजीपुरा की सीसी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया। एसएसपी ने कहा कि अच्छा काम करने वालों को सम्मान मिलेगा और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई तय है।

पूरी फोर्स अलर्ट, लक्ष्य तय, जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट
पुलिस लाइन में हुई इस अहम बैठक में सभी अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, सीसी टीम और ट्रैफिक कंट्रोल रूम के अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी को स्पष्ट लक्ष्य दिया है कि बरेली को ‘जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट’ बनाना है, और इसके लिए हर हाल में सड़क हादसों पर लगाम लगानी होगी।


