बिना JEE के भी IIT में पढ़ाई का मौका, इन कोर्सों में ले सकते हैं एडमिशन, साइंस बैकग्राउंड जरुरी नहीं

बिना JEE के भी IIT में पढ़ाई का मौका, इन कोर्सों में ले सकते हैं एडमिशन, साइंस बैकग्राउंड जरुरी नहीं

IIT Without JEE: इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले ज्यादातर छात्रों का एक ही सपना होता है आईआईटी में एडमिशन पाना। लेकिन आईआईटी में एडमिशन पाना इतना आसान नहीं होता। JEE Mains, JEE Advance परीक्षा को पास करके ही इन कॉलेजों में एडमिशन पाया जा सकता है। छात्रों को ऐसा लगता है कि अगर जेईई नहीं निकला, तो आईआईटी का दरवाजा हमेशा के लिए बंद हो गया। देश के कई आईआईटी संस्थानों ने ऐसे कोर्स शुरू किए हैं, जिनमें दाखिले के लिए जेईई स्कोर जरूरी नहीं है। नई शिक्षा व्यवस्था में अब स्किल, अनुभव और रुचि को भी महत्व दिया जा रहा है। डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और जेनेटिक इंजीनियरिंग जैसे आधुनिक फील्ड में कई विकल्प मौजूद हैं। आइये ऐसे की कुछ कोर्सों के बारे में जानते हैं।

IIT Admission 2026 Without JEE Score: देख लें कोर्स

IIT Madras

IIT Madras ने डेटा साइंस में चार साल का BS प्रोग्राम शुरू किया है। खास बात यह है कि इसमें किसी खास स्ट्रीम की शर्त नहीं है। साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स किसी भी बैकग्राउंड का छात्र आवेदन कर सकता है। यहां दाखिला एक ‘क्वालिफायर प्रोसेस’ के जरिए होता है। पहले कुछ हफ्तों का ऑनलाइन कोर्सवर्क कराया जाता है, फिर टेस्ट लिया जाता है। मई 2026 बैच के लिए आवेदन 18 फरवरी से शुरू हो चुके हैं और 30 मई 2026 तक किए जा सकते हैं। उम्र की कोई सीमा नहीं है, इसलिए वर्किंग प्रोफेशनल्स भी इसमें शामिल हो सकते हैं।

IIT Kharagpur

IIT Kharagpur ने 2026 से कुछ विशेष फील्ड में वैकल्पिक एंट्री शुरू करने की योजना बनाई है। स्पोर्ट्स एक्सीलेंस और साइंस ओलंपियाड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बिना जेईई एडवांस रैंक के भी मौका मिल सकता है। इसके अलावा, संस्थान स्वयं (SWAYAM) पोर्टल के जरिए इंजीनियरिंग मैथमेटिक्स जैसे कोर्स भी उपलब्ध करा रहा है, जिससे छात्र अपनी बुनियाद मजबूत कर सकें।

IIT Kanpur

जो लोग नौकरी कर रहे हैं और पढ़ाई आगे बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए IIT Kanpur ने e-Masters प्रोग्राम शुरू किए हैं। साइबर सिक्योरिटी, बिजनेस फाइनेंस, पब्लिक पॉलिसी और डेटा साइंस जैसे विषय इसमें शामिल हैं। इन कोर्सों के लिए गेट या जेईई स्कोर की जरूरत नहीं है। पढ़ाई ऑनलाइन होती है और इसे 1 से 3 साल के बीच पूरा किया जा सकता है।

IIT Delhi

IIT Delhi अपने कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (CEP) के तहत कई सर्टिफिकेट कोर्स चला रहा है। रोबोटिक्स में एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम और UI/UX डिजाइन इन दिनों काफी चर्चा में हैं। रोबोटिक्स का कोर्स करीब पांच महीने का है और मार्च 2026 से शुरू होने वाला है। वहीं UI/UX डिजाइन का कोर्स छह महीने का है, जिसमें डिजाइन की बारीकियां सिखाई जाती हैं। ग्रेजुएशन डिग्री और कुछ एक्सपीरियंस रखने वाले प्रोफेशनल्स इसमें आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *