हाथों के मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा, महज एक महीने में टूट गए सारे सपने नवविवाहिता का गन्ने के खेत में मिला शव

हाथों के मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा, महज एक महीने में टूट गए सारे सपने नवविवाहिता का गन्ने के खेत में मिला शव

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई। जब रामापुर टपरा मजरे के एक गन्ने के खेत में नवविवाहिता का शव मिला। खेत में शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर टपरा मजरे में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के बाहर गन्ने के खेत में एक नवविवाहिता युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग खेत के पास जमा हो गए।

20 वर्षीय पूजा के रूप में हुई मृतका की पहचान

मृतका की पहचान मैनपुर गांव की रहने वाली 20 वर्षीय पूजा, पुत्री शिवजनम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पूजा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो घरवालों को चिंता हुई। रात में उसकी काफी तलाश की गई। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। शुक्रवार को ग्रामीणों ने रामापुर गांव के गन्ने के खेत में एक युवती का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत गांव वालों ने पुलिस को दी। खबर मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को खेत से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की।

दिसंबर महीने में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हुई थी शादी

गांव के प्रधान ने बताया कि पूजा की शादी दिसंबर महीने में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान मनकापुर थाना क्षेत्र के कुंजलपुर गांव निवासी सुभाष के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी और बुधवार को मायके आई थी। पूजा चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता शिवजनम रोज़गार के सिलसिले में एक सप्ताह पहले गोवा गए थे। बेटी की मौत की खबर मिलते ही वह गोवा से घर के लिए निकल पड़े।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस के शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका लग रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के असली कारण का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *