बैतूल नगर के विनोबा वार्ड स्थित श्री लीला देव बाबा मंदिर में द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर चार दिवसीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जया एकादशी पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह 6 बजे मंदिर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रभात फेरी वार्ड के अलग-अलग मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची। इस दौरान भक्त ढोलक और मंजीरों की धुन पर भजन गाते नजर आए। ज्योतिर्लिंगों का हुआ विशेष अभिषेक
प्रभात फेरी के बाद सुबह 9 बजे मंदिर में द्वादश ज्योतिर्लिंगों का विशेष अभिषेक किया गया। यह पूजा विद्वान पंडित नरेंद्र दुबे के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रों के साथ संपन्न हुई। अभिषेक में जल, दूध, दही, घी, मधु और पंचामृत का उपयोग किया गया। पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से भर गया। मंदिर समिति की ओर से जानकारी दी गई कि गुरुवार शाम 5 से 7 बजे तक धुनी वाले दादाजी के नाम का संकीर्तन पाठ किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन के माध्यम से भाग लेंगे। शुक्रवार को शोभायात्रा और भंडारा
मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल राठौर ने बताया कि शुक्रवार को स्थापना दिवस के समापन पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर एसटीडी चौक स्थित शिव मंदिर, साईं मंदिर विवेकानंद वार्ड, माता मंदिर शंकर वार्ड और खप्पर वाली माता मंदिर से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा। समिति ने सभी नगरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


