टीकमगढ़ में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय उत्सव भवन में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हुआ, जिसमें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रोत्रिय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत निर्वाचन आयोग के ज्ञानेश कुमार के राष्ट्रीय मतदाता दिवस संदेश के प्रसारण से हुई। कलेक्टर श्रोत्रिय ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता का अधिकार सबसे बड़ा अधिकार है। उन्होंने जोर दिया कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में भारत निर्वाचन आयोग का महत्वपूर्ण स्थान है, क्योंकि हमारे वोट की ताकत ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। कलेक्टर ने निर्वाचन संबंधी कार्यों में संलग्न सभी विभागों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में एसआईआर (संक्षिप्त पुनरीक्षण) कार्य पूरी शुद्धता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने एसआईआर कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों, जिले के सभी मतदाताओं और युवा मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर जिले के युवा मतदाता मौसम, छोटू यादव, मनीषा राजपूत और अंकित यादव को इपिक कार्ड वितरित किए गए। ये युवा मतदाता आगामी चुनावों में अपना पहला मतदान करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ भी दिलाई गई। कला पथक दल ने मतदाता गीत की प्रस्तुति दी। निर्वाचन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। एसडीएम संस्कृति मुदित लटौरिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एचएस चौहान, तहसीलदार सतेन्द्र सिंह गुर्जर, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया सहित संबंधित अधिकारी और जिले के अन्य नवीन मतदाता उपस्थित थे।


