Energy Drinks Side effects: आजकल Gen-Z के बीच एनर्जी ड्रिंक बहुत पॉपुलर हो गए हैं। देर रात पढ़ाई करनी हो, गेमिंग करनी हो या काम का ज्यादा प्रेशर हो, बस एक कैन खोलो और तुरंत एनर्जी महसूस करो। लेकिन जो चीज तुरंत जोश देती है, वही धीरे-धीरे शरीर पर दबाव भी डाल सकती है, खासकर स्ट्रेस और किडनी की सेहत पर।
एनर्जी ड्रिंक में ऐसा क्या होता है?
ज्यादातर एनर्जी ड्रिंक में बहुत ज्यादा कैफीन, शुगर और स्टिमुलेंट्स जैसे टॉरिन और गुआराना होते हैं। ये चीजें आपको कुछ समय के लिए एक्टिव और अलर्ट तो बना देती हैं, लेकिन शरीर में स्ट्रेस हार्मोन भी बढ़ा देती हैं। विशेषज्ञ Dr. Bhanu Mishra बताते हैं कि ज्यादा कैफीन लेने से शरीर में कॉर्टिसोल और एड्रेनालिन जैसे स्ट्रेस हार्मोन बढ़ जाते हैं। इससे घबराहट, दिल की धड़कन तेज होना, नींद की समस्या और बेचैनी हो सकती है। मजेदार बात यह है कि लोग थकान और स्ट्रेस कम करने के लिए एनर्जी ड्रिंक पीते हैं, लेकिन ज्यादा पीने से वही समस्याएं और बढ़ जाती हैं। धीरे-धीरे यह आदत बन जाती है और शरीर उस पर निर्भर होने लगता है।
स्ट्रेस और दिमाग पर असर
बार-बार स्ट्रेस हार्मोन बढ़ने से नर्वस सिस्टम पर दबाव पड़ता है और मूड भी प्रभावित होता है। आजकल युवा पहले ही पढ़ाई, करियर, सोशल मीडिया और भविष्य की चिंता से तनाव में रहते हैं। ऐसे में एनर्जी ड्रिंक शरीर को शांत करने के बजाय स्ट्रेस और बढ़ा सकते हैं।
किडनी पर क्यों पड़ता है असर?
हमारी किडनी शरीर से गंदगी निकालने, पानी का संतुलन बनाए रखने और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने का काम करती है। लेकिन ज्यादा एनर्जी ड्रिंक पीने से किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। कैफीन शरीर में पेशाब ज्यादा बनाता है, जिससे शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन हो सकता है। अगर आप पानी कम पीते हैं और एनर्जी ड्रिंक ज्यादा लेते हैं, तो किडनी स्टोन या किडनी डैमेज का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही इनमें मौजूद ज्यादा शुगर मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम बढ़ाती है, जो किडनी बीमारी के बड़े कारण हैं।
स्ट्रेस और किडनी का खतरनाक चक्र
लंबे समय तक स्ट्रेस रहने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, जो किडनी को नुकसान पहुंचाता है। जब स्ट्रेस और एनर्जी ड्रिंक दोनों साथ-साथ बढ़ते हैं, तो शरीर पर डबल दबाव पड़ता है।
क्या करना चाहिए?
एनर्जी ड्रिंक पूरी तरह गलत नहीं हैं, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा में लेना जरूरी है।
- खूब पानी पिएं
- अच्छी नींद लें
- हेल्दी खाना खाएं
- स्ट्रेस कम करने के लिए योग, एक्सरसाइज या मेडिटेशन करें
अगर तुरंत एनर्जी चाहिए तो पानी, फल, हर्बल टी या हेल्दी स्नैक्स बेहतर विकल्प हैं।


