भगवान टाकीज-न्यू आगरा रोड से हटाया अतिक्रमण:फुटपाथ घेरकर दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई, ठेल-धकेल हटाए

भगवान टाकीज-न्यू आगरा रोड से हटाया अतिक्रमण:फुटपाथ घेरकर दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई, ठेल-धकेल हटाए

आगरा में ट्रैफिक व्यव्था को सुचारू बनाने और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को भगवान टॉकीज से न्यू आगरा जाने वाले मार्ग पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे फुटपाथ घेरकर सामान बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
नगर निगम की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, फुटपाथ पर दुकान लगाए बैठे कई दुकानदार अपना सामान समेटकर भागते नजर आए। अभियान के दौरान भगवान टॉकीज से लेकर भानामल हलवाई तक सड़क किनारे खड़े ठेल-धकेलों को हटवाया गया। साथ ही फुटपाथ पर कब्जा जमाकर रखे गए दो स्टील के काउंटर को जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया, फुटपाथ आमजन के आवागमन के लिए होते हैं, लेकिन कई दुकानदारों द्वारा इन्हें घेरकर अवैध रूप से व्यापार किया जा रहा था, जिससे राहगीरों को परेशानी के साथ-साथ यातायात बाधित हो रहा था। इसके अलावा नगर निगम की टीम ने जीवनी मंडी से लंगड़े की चौकी जाने वाले मार्ग पर भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों को हटवाया। इस दौरान कई ठेल-धकेल और अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा फुटपाथ या सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और जब्ती की प्रक्रिया भी शामिल होगी। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके और आमजन को राहत मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *