शहर के वॉकिंग जोन में अतिक्रमण, स्टेशन रोड पर बनी नाली के ऊपर लगा ली गुमटी

शहर के वॉकिंग जोन में अतिक्रमण, स्टेशन रोड पर बनी नाली के ऊपर लगा ली गुमटी

भास्कर संवाददाता | शाजापुर शाजापुर में गुमटी माफिया सक्रिय है, जहां भी लोगों का आना-जाना ज्यादा होता, वहां रातोंरात गुमटी रख दी जाती है। शुरुआत एक गुमटी से होती है, इसके बाद यहां गुमटियों की संख्या बढ़ती जाती है। इस कारण शहर में गुमटियों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। इन अवैध गुमटियों के कारण राहगीरों और रहवासियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है लेकिन नगर पालिका इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। ऐसे ही शहर के वॉकिंग जोन बन चुके स्टेशन रोड पर पुरानी नगर पालिका के सामने नाली पर दो-तीन दिन पहले गुमटी रख दी गई है। इस चौड़ी सड़क पर सुबह के समय शहर के लोग वॉक करते हैं, जहां गुमटी लगाई है, वहां से राजनगर जाने का रास्ता है। रास्ते के मुहाने पर लगी इस गुमटी के कारण दुर्घटना का डर भी है। हालांकि अभी यह गुमटी शुरू नहीं हुई है लेकिन आशंका है कि गुमटी शुरू होने के बाद इसकी देखादेखी और भी गुमटियां यहां लग जाएंगी। ऐसे में यह जगह भी गुमटियों की गिरफ्त में हो जाएगी। इस संबंध में नपा सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित ने बताया नाली के ऊपर गुमटी लगने की जानकारी नहीं है। अगर किसी ने गुमटी लगा ली है तो उसे हटवा देंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *