फरीदाबाद में पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। बदमाश के पुलिस की मुठभेड़ पाली क्रशर जोन में हुई, पुलिस उसको हथियार की बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी। लेकिन उसने पुलिस कर्मचारी की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायर करने लगा। राजस्थान का रहने वाला मोनू गुर्जर पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान मोनू गुर्जर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ फरीदाबाद के सेंट्रल थाना में हथियार से संबंधित मामला पहले से दर्ज है। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर चल रहा था। बदमाश को क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 ने सात फरवरी को रंगदारी मांगने के मामले में फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। आरोपी ने फरीदाबाद के एक व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश आरोपी मोनू गुर्जर तभी से क्राइम ब्रांच के रिमांड पर था। पूछताछ में उसने राजस्थान में पिस्टल छिपाई होने की बात कही थी। मंगलवार देर शाम क्राइम ब्रांच की एक टीम उसे पिस्तौल बरामद करने के लिए राजस्थान लेकर जा रही थी। पाली क्रशर जोन के पास उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और क्राइम ब्रांच कर्मियों की तरफ फायर कर भागने की कोशिश की। क्राइम ब्रांच कर्मियों ने उसे हथियार डालने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसके पैर में गोली मार कर काबू किया गया। आरोपी के पैर में लगी गोली पुलिस द्वारा रुकने की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी नहीं रुका और फरार होने का प्रयास करता रहा। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। हालात को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में जा लगी। गोली लगते ही आरोपी जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत काबू में ले लिया। बीके अस्पताल में कराया गया भर्ती घायल आरोपी को मौके से सिविल अस्पताल फरीदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है। वहीं पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी बदमाश का इलाज बीके अस्पताल में चल रहा है। पुलिस पुरे मामले की जांच कर रही है।


