यूपी में एक लाख के इनामी गोतस्कर का एनकाउंटर; गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, दो जांबाज सिपाही भी घायल

यूपी में एक लाख के इनामी गोतस्कर का एनकाउंटर; गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, दो जांबाज सिपाही भी घायल

UP Police Encounter Shahzad: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी गोतस्कर शहजाद मारा गया। पुलिस के अनुसार, शहजाद लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

सहारनपुर पुलिस वांछित अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि शातिर गोकश शहजाद इलाके में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और जैसे ही उसे रोकने की कोशिश की गई, उसने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश

बदमाश की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान शहजाद को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे काबू में कर लिया और मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

दो सिपाही भी हुए जख्मी

इस मुठभेड़ में पुलिस के दो सिपाही कुलदीप और सुमेंद्र भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

44 मुकदमों का आरोपी था शहजाद

पुलिस जांच में सामने आया कि शहजाद सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव गंदेवड़ा का निवासी था। उसके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में कुल 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें गोकशी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल थीं। वह लंबे समय से फरार था और उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

DIG ने पुलिस टीम को दी शाबाशी

डीआईजी अभिषेक सिंह ने इस सफल मुठभेड़ के लिए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने बताया कि शहजाद एक शातिर अपराधी था, जिसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *