भास्कर न्यूज | जालंधर सीपीएफ कर्मचारी यूनियन और पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन के बैनर तले सरकारी कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने विभिन्न सरकारी दफ्तरों के बाहर गेट रैलियां कीं और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। रोष प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना के उस नोटिफिकेशन की कॉपियां जलाईं, जिसे सरकार ने जारी तो किया लेकिन अब तक लागू नहीं किया। साथ ही, 17 जुलाई 2020 के उस नोटिफिकेशन की प्रतियां भी फूंकी गईं, जिसके तहत पंजाब के कर्मचारियों पर 7वां वेतन आयोग लागू किया गया था। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुखजीत सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लगातार कर्मचारियों के साथ टालमटोल की नीति अपना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बैठक का समय तय करते हैं, लेकिन ऐन मौके पर उसे रद्द कर अगली तारीख दे दी जाती है। सरकार टालमटोल कर रही है। जिला अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल ने आगामी रणनीति का एलान करते हुए बताया कि शुक्रवार दोपहर 3 बजे सभी कर्मचारी पीपीआर मॉल के पास इकट्ठा होंगे। वहां से रोष मार्च निकालते हुए कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत के निवास का घेराव किया जाएगा और मुख्यमंत्री पंजाब का पुतला फूंका जाएगा।


