न्यूयॉर्क में आपातकाल जैसी स्थिति; ब्लिजर्ड अलर्ट से मचा हाहाकार, जानिए क्या होती है ये चेतावनी?

न्यूयॉर्क में आपातकाल जैसी स्थिति; ब्लिजर्ड अलर्ट से मचा हाहाकार, जानिए क्या होती है ये चेतावनी?

New York Blizzard Alert: इस समय न्यूयॉर्क में आपातकाल जैसी स्थिति है। सड़कों पर सन्नाटा, स्कूलों पर ताला, उड़ानों पर रोक… हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। जी हां, मौसम विभाग ने ब्लिजर्ड अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सख्त सलाह दी गई है। लेकिन आखिर यह ब्लिजर्ड अलर्ट है क्या? इसे इतना खतरनाक क्यों माना जा रहा है? आइए, समझते हैं।

ब्लिजर्ड अलर्ट है क्या?

ब्लिजर्ड यानी बेहद तेज रफ्तार से आने वाला बर्फीला तूफान। इसमें एक साथ भारी बर्फबारी के साथ लगातार तेज हवाएं चलती हैं। मौसम विज्ञान के मुताबिक, जब हवा की रफ्तार 35 मील प्रति घंटा या उससे ज्यादा हो, सामने की दृश्यता एक चौथाई मील से भी कम हो जाए और ये स्थिति कम से कम तीन घंटे तक बनी रहे। तो उसे ब्लिजर्ड कहा जाता है। ऐसे समय में बर्फ और हवा मिलकर ‘व्हाइटआउट’ जैसी स्थिति बना देते हैं, जिसमें आगे कुछ भी साफ दिखाई नहीं देता। जब ब्लिजर्ड अलर्ट जारी किया जाता है, तो इसका मतलब है कि खतरनाक बर्फीला तूफान आने वाला है या शुरू हो चुका है।

नेशनल वेदर सर्विस (National Weather Service) उपग्रह, रडार और मौसम के मॉडलों की मदद से ऐसी चेतावनियां जारी करता है ताकि लोग पहले से तैयार रह सकें।

बता दें न्यूयॉर्क (New York) जैसे बड़े और घनी आबादी वाले शहरों में इसका असर और भी बड़ा होता है। स्कूल बंद हो जाते हैं, उड़ानें रद्द होती हैं, परिवहन रुक जाता है और लोगों की दिनचर्या ठप पड़ जाती है।

सड़कों पर बर्फ की मोटी परत

कुछ दिन पहले मौसम विभाग को लगा था कि न्यूयार्क सिटी (New York City) में सिर्फ कुछ इंच बर्फ गिरेगी। लेकिन हालात अचानक बदल गए और यह तूफान एक बड़े नॉर-ईस्टर में बदल गया। अब स्थिति यह है कि कई जगहों पर डेढ़ फीट से ज्यादा बर्फ जमा हो चुकी है और बर्फबारी लगातार बढ़ रही है। तेज हवाओं ने मुश्किल को और बढ़ा दिया है। हर घंटे लगभग 4 इंच बर्फ गिर रही है, जिससे खतरनाक ‘व्हाइटआउट’ जैसी स्थिति बन गई है।

पूरा ट्राई-स्टेट इलाका- (न्यूयार्क, न्यूजर्सी और कनेक्टिकट) इस समय इमरजेंसी में है और कई जगह यात्रा प्रतिबंध (ट्रैवल बैन) लगाए गए हैं। नॉर-ईस्टर की वजह से पब्लिक ट्रांसपोर्ट और फ्लाइट्स लगभग पूरी तरह रुक गई हैं।

हाइपोथर्मिया का खतरा

बता दें ब्लिजर्ड के दौरान सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम जाती है, बिजली चली सकती है और तापमान इतना गिर जाता है कि हाइपोथर्मिया का खतरा होता है। इसलिए प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे घर के अंदर रहें, अनावश्यक यात्रा न करें और जरूरी सामान पहले से जुटाकर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *