शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला के नेतृत्व में गुड़ा मोड़ पर एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके तहत सड़क मार्ग में बाधा बन रहे बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और अवैध कब्जों को हटाया गया। ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद ही उन्होंने शहर की जटिल ट्रैफिक समस्या का विश्लेषण कर पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखा था। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर को अवगत करवाया, जिसके बाद कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर यातायात पुलिस को पूर्ण सहयोग देने और बाधाएं हटाने के कड़े निर्देश जारी किए थे। इसी कड़ी में आज गुढ़ा मोड़ पर कार्रवाई की गई। बरसों पुराने बिजली के खंभे जो सड़क के बीच या किनारों पर यातायात को बाधित कर रहे थे, उन्हें हटाकर पीछे किया गया। साथ ही सड़क सीमा में आ रहे ट्रांसफार्मर (DP) को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया ताकि सड़क को चौड़ा किया जा सके और दुर्घटनाओं का अंदेशा कम हो। इन विभागों ने उठाएं कदम बिजली विभाग की सहायता से गुड़ा मोड़ पर डीपी बॉक्स और पुराने खंभों को हटाया गया। | नगर परिषद ने विज्ञापन बोर्ड, ट्रैफिक लाइट और डेयरी बूथ हटा करअतिक्रमण मुक्त किया। पीडब्ल्यूडी (PWD) ने उद्घाटन पट्टिकाएं और बड़े संकेतक बोर्ड जो दृश्यता में बाधक थे, उन्हें हटाया। BSNL के टेलीफोन एक्सचेंज की डीपी और खंभों को शिफ्ट किया गया। वन विभाग ने सड़क सीमा में आ रहे पीपल, अरडू और पपड़ी के पेड़ों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस विभाग ने ट्रैफिक गुमटी और अभय कमांड सेंटर के CCTV पोल की शिफ्टिंग प्रक्रिया जारी है। अवैध कब्जों को हटाया अभियान के दौरान केवल सरकारी ढांचे ही नहीं, बल्कि निजी स्तर पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाया गया। गन्ना मशीन, चाय का खोखा और अवैध डेयरी बूथ को हटाया गया। होटल के बाहर बनाए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर रास्ता साफ किया गया। ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं है। शहर के लोगों को जाम से मुक्ति दिलाना हमारी प्राथमिकता है। जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


