फरीदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। ग्वालियर जा रही थी जीआरपी पुलिस जांच अधिकारी सुरेश ने बताया कि मृतक महिला की पहचान 76 वर्षीय रामकली के रूप में हुई है, जो ग्वालियर की रहने वाली थी। वह अपने बेटे से मिलने गुरुग्राम आई हुई थी और शुक्रवार को अपने भतीजे के साथ निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए ग्वालियर लौट रही थी। मौत से पहले पानी पिया भतीजे ने पुलिस को बताया कि ट्रेन में सवार होने के कुछ समय बाद रामकली ने पानी पिया, इसके बाद अचानक उन्होंने कोई हरकत करना बंद कर दिया। जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो तुरंत रेलवे स्टाफ को इसकी सूचना दी गई। ट्रेन फरीदाबाद में रोकी गई सूचना मिलते ही ट्रेन को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया। जीआरपी पुलिस महिला को जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा पुलिस ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल हार्ट अटैक को ही मौत का संभावित कारण माना जा रहा है, जबकि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।


