प्रतापगढ़ में एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के टीवीपुर गांव निवासी मुन्नू दुबे (65) के रूप में हुई है। वह दयालगंज बाजार में किराने की दुकान चलाते थे। रविवार रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे।
टीवीपुर मोड़ पर, बड़े हनुमान मंदिर बनरही बाग के सामने, आसपुर देवसरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्नू दुबे साइकिल सहित सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। खेतों की रखवाली कर रहे किसानों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तुरंत परिजनों को सूचित किया। परिजन उन्हें इलाज के लिए पट्टी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पश्चिम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।


