गाली-गलौज के विरोध पर दबंगों का हमला, बुजुर्ग की मौत:मैनपुरी में घर में घुसकर लाठी डंडों से हमला, आरोपी हुआ फरार

मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के दुधौना गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छोटा हाथी वाहन खरीदने को लेकर हुई रंजिश में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना देर शाम की है। गांव निवासी सुनील शराब के नशे में जसकरण सिंह के घर के सामने से गुजर रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। बताया जा रहा है कि सुनील को जसकरण द्वारा छोटा हाथी वाहन खरीदने से ईर्ष्या थी, जिसके कारण वह पहले भी कई बार विवाद कर चुका था। घटना के दिन जब सुनील ने फिर से अभद्रता की, तो जसकरण सिंह ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर बाद सुनील अपने साथियों जितेंद्र और रेखा के साथ जसकरण के घर में घुस आया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी इस हमले में 65 वर्षीय जसकरण सिंह, उनके परिजन विमल और राजवेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जसकरण सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी और थाना अध्यक्ष आशीष दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *