जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परैथा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 11:30 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में रह रहे बुजुर्ग बाहर निकल ही नहीं पाए और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीराम बसोर पुत्र नत्थू के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है। बताया गया है कि श्रीराम लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। जिस समय आग लगी, उस वक्त वह घर के अंदर ही मौजूद थे। पूरे परिवार के लोग खेत पर काम करने के लिए गए थे। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कच्चा मकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था और श्रीराम बसोर की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर कोंच कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोंच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।


