ऑटो-स्कॉर्पियो की टक्कर, दो टीचर समेत आठ घायल:हमीरपुर में ट्राफिक नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग बनी बड़ी वजह

हमीरपुर में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण एक सड़क हादसा हो गया। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कपसा रोड पर चंद्रावल पुल के पास एक ऑटो रिक्शा और स्कॉर्पियो कार की टक्कर में दो अध्यापिकाओं सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक थ्री-सीटर ऑटो रिक्शा में चालक समेत आठ लोग सवार थे। सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को पीआरवी वाहन में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया। घायलों में उर्दना जा रही अध्यापिकाएं कंचन देवी और पूजा यादव शामिल हैं। इनके अलावा, 28 वर्षीय रोहित, 50 वर्षीय महशर, 16 वर्षीय नवल, 16 वर्षीय बर्दानी, 50 वर्षीय राजीव और बाबादीन भी घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में चलने वाले ऑटो रिक्शा अक्सर यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं। तीन सवारियों की क्षमता वाले ऑटो में आठ से दस लोगों को बैठाकर तेज रफ्तार से चलाया जाता है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन पर प्रभावी कार्रवाई न होने से ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *