भास्कर संवाददाता | सागर गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 37.2 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान 22 डिग्री के पार पहुंचने से लोगों को गर्मी का अहसास रात में भी होने लगा है। प्रदेश के सबसे अधिक न्यूनतम तापमान वाले टॉप पांच शहरों में सागर तीसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले 5 दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और शाम को हल्की हवा का असर बना रहेगा। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में ट्रफ के रूप में सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान-मध्य पाकिस्तान क्षेत्र में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे आंशिक बादल और तापमान में हल्की गिरावट होने की संभवना है।


