राज्य में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने का जश्न केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी होगा। आगामी 23 दिसंबर को हर जिले और हर विद्यालय में मिशन लाइफ की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित विशेष कार्यक्रम होंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत यह आयोजन राज्य से लेकर जिला स्तर तक एक साथ किया जाएगा, जिससे पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता को नई ऊर्जा मिलेगी। सात सूत्र, एक लक्ष्य स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य के तहत मिशन लाइफ के अंतर्गत सात प्रमुख विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसमें ऊर्जा बचाओ, पानी बचाओ, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी, टिकाऊ भोजन व्यवस्था अपनाओ, कचरा कम करो, स्वस्थ जीवनशैली अपनाओ, इलेक्ट्रॉनिक कचरा घटाओ, जीवनशैली बदलेगी तो भविष्य संवर जाएगा जैसे विषय शामिल हैं।
पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पत्र और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप इन कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य आमजन को यह संदेश देना है कि प्रकृति की रक्षा केवल नियमों से नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतों में बदलाव से संभव है। पोस्टर-स्लोगन स्पर्धा, नुक्कड़ नाटक समेत कई गतिविधियां कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के जरिए विद्यालयों में रचनात्मक, प्रेरणादायी और सहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रचनात्मक प्रतियोगिताओं में पर्यावरण विषय पर पोस्टर, नारा और निबंध लेखन होगा, जबकि जन जागरूकता पहल के तहत धारणीय विकास पर रैली और नुक्कड़ नाटक किए जाएंगे। विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाने के साथ हरियाली के लिए विद्यालय परिसरों में किचन गार्डन का विकास करेंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा दिया जाएगा।


