7.4 तीव्रता के भूकंप से इंडोनेशिया में कांप उठी धरती, सुनामी की चेतावनी जारी

7.4 तीव्रता के भूकंप से इंडोनेशिया में कांप उठी धरती, सुनामी की चेतावनी जारी

दुनियाभर में भूकंप के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं। हर दिन कहीं न कहीं भूकंप के मामले देखने को मिलते हैं और वो भी दिन में कई बार। कुछ देशों में तो आए दिन ही भूकंप आते हैं और इनमें इंडोनेशिया (Indonesia) भी शामिल है। आज, गुरुवार, 2 अप्रैल को इंडोनेशिया में भूकंप का झटका आया, जिससे धरती कांप उठी। भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 7.4 रही और यह टेरनाटे (Ternate) से 126 किलोमीटर वेस्टर्न नॉर्थवेस्ट में आया। भारतीय समयानुसार यह भूकंप आज तड़के सुबह 4 बजकर 18 मिनट पर आया। भूकंप की गहराई 35 किलोमीटर रही।

यूएसजीएस ने की पुष्टि

इंडोनेशिया की जियोफिज़िक्स एजेंसी के साथ ही यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (United States Geological Survey – USGS) ने भी आज आए इस भूकंप की पुष्टि की।

चीखते-चिल्लाते घरों से बाहर भागे लोग

इंडोनेशिया में आज आए इस भूकंप का झटका प्रभावित क्षेत्र के साथ ही आसपास के कई इलाकों में महसूस किया गया। इस भूकंप की वजह से कुछ घरों, इमारतों और कब्रों को भी नुकसान पहुंचा है। भूकंप का झटका इतना तेज़ था कि लोग चीखते-चिल्लाते अपने घरों से बाहर भाग निकले। फिलहाल इस भूकंप की वजह से किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

सुनामी की चेतावनी जारी

इंडोनेशिया में आज आए भूकंप की वजह से टेरनाटे और इसके आसपास के तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। समुद्र से घिरा होने की वजह से इंडोनेशिया में तेज़ तीव्रता के भूकंप आने पर सुनामी का खतरा बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *