हरदा में उर्वरक वितरण के लिए ‘ई-विकास प्रणाली’ शुरू:किसान अब मोबाइल से प्राप्त कर सकेंगे ई-टोकन

हरदा में उर्वरक वितरण के लिए ‘ई-विकास प्रणाली’ शुरू:किसान अब मोबाइल से प्राप्त कर सकेंगे ई-टोकन

हरदा जिले में उर्वरक आपूर्ति को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ‘ई-विकास प्रणाली’ (वितरण एवं कृषि उर्वरक आपूर्ति समाधान) व्यवस्था लागू कर दी गई है। मध्य प्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और जिला प्रशासन हरदा के निर्देश पर गुरुवार से यह प्रणाली शुरू हुई। उप संचालक कृषि जेएल. कास्दे ने बताया कि इस नई व्यवस्था से किसान अब अपने मोबाइल से ही उर्वरक के लिए ई-टोकन प्राप्त कर सकेंगे। किसान इस ई-टोकन सुविधा का लाभ गूगल पर mpkrishi.org या सीधे etoken.mpkrishi.org लिंक पर जाकर उठा सकते हैं। पोर्टल पर लॉग इन करने के लिए किसानों को अपना आधार नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद उनके मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन होगा। लॉग इन करने के बाद, पोर्टल ‘एग्री स्टैक’ (फार्मर आई.डी.) के जरिए किसान की कृषि भूमि का विवरण स्वतः अपडेट कर लेगा। किसान द्वारा मौसम और फसल का चयन करने के बाद, पोर्टल उनकी भूमि के अनुसार आवश्यक उर्वरक की मात्रा की गणना कर प्रदर्शित करेगा। पोर्टल पर मार्कफेड, एम.पी. एग्रो, विपणन समिति और निजी उर्वरक विक्रेताओं के पास उपलब्ध स्टॉक की जानकारी भी वास्तविक समय में दिखाई देगी। किसान अपनी सुविधा अनुसार नजदीकी विक्रेता का चयन कर ई-टोकन जारी कर सकते हैं और वहां से खाद खरीद सकते हैं। योजना लागू होने के पहले ही दिन गुरुवार को जिले के 45 किसानों ने ई-टोकन जारी किए। इनमें से 16 किसानों ने गुरुवार को ही ई-विकास प्रणाली के तहत ई-टोकन जारी कर डी.ए.पी., एम.ओ.पी., एस.एस.पी. और एन.पी.के. जैसे उर्वरक खरीदे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *