E-Commerce: फ्लिपकार्ट CFO श्रीराम वेंकटरमण ने दिया इस्तीफा, IPO आने से पहले कंपनी में हुआ बड़ा बदलाव

E-Commerce: फ्लिपकार्ट CFO श्रीराम वेंकटरमण ने दिया इस्तीफा, IPO आने से पहले कंपनी में हुआ बड़ा बदलाव

भारत की प्रमुख ई कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में एक बड़ा प्रबंधन बदलाव सामने आया है। कंपनी के ग्रुप CFO श्रीराम वेंकटरमण (Sriram Venkataraman) ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है, जो आगामी महीनों में प्रभावी होगा। यह बदलाव ऐसे समय पर हुआ है जब कंपनी अपने IPO की तैयारी कर रही है। कंपनी के अनुसार, इस दौरान फ्लिपकार्ट के CFO रवि अय्यर पूरे फाइनेंस फंक्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे और सुचारु बदलाव सुनिश्चित करेंगे।

IPO से पहले रणनीतिक बदलाव

फ्लिपकार्ट का यह बदलाव उसके IPO प्लान से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी जल्द ही बैंकों के साथ औपचारिक बातचीत शुरू कर सकती है ताकि पब्लिक लिस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। कंपनी पहले ही निवेशकों और बैंकरों के साथ अनौपचारिक चर्चाएं कर चुकी है, जिससे बाजार में संभावित लिस्टिंग को लेकर रुचि का अंदाजा लगाया जा सके। माना जा रहा है कि यह IPO इस साल के अंत या 2027 की शुरुआत में आ सकता है, हालांकि अंतिम समय अभी तय नहीं है।

संगठन में नए बदलाव और नियुक्तियां

CFO के इस्तीफे के साथ ही फ्लिपकार्ट ने संगठनात्मक ढांचे में अन्य बदलाव भी किए हैं। कंपनी ने निशांत वर्मन को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में नियुक्त किया है, जो कॉरपोरेट डेवलपमेंट और पार्टनरशिप्स की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह नियुक्ति कंपनी की ग्रोथ रणनीति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके अलावा, कंपनी लगातार सीनियर लेवल पर नई नियुक्तियों पर ध्यान दे रही है ताकि IPO से पहले मजबूत नेतृत्व तैयार किया जा सके।

छंटनी में निकाले 3 से 4 फीसदी लोग

फ्लिपकार्ट हाल ही में अपनी परफॉर्मेंस रिव्यू प्रक्रिया के तहत लगभग 400 से 500 कर्मचारियों की छंटनी भी कर चुकी है। यह संख्या कुल वर्कफोर्स का करीब 3 से 4 प्रतिशत है, जो सामान्य से अधिक है। कंपनी का कहना है कि यह नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और प्रभावित कर्मचारियों को ट्रांजिशन सपोर्ट दिया जा रहा है।

फ्लिपकार्ट की फाइनेंशियल रिपोर्ट

बिजनेस इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म टोफ्लर के मुताबिक, Flipkart India को वित्त वर्ष 2025 में करीब 5,189 करोड़ रुपये का घाटा हुआ, जो पिछले साल के 4,248.3 करोड़ रुपये के घाटे से ज्यादा है। हालांकि, कंपनी की कमाई में बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2025 में उसका कुल राजस्व 17.3 फीसदी बढ़कर 70,541.9 करोड़ रुपये से 82,787.3 करोड़ रुपये हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *