हिमाचल प्रदेश के सोलन में गुरुवार दोपहर के वक्त शूलिनी विश्वविद्यालय के पास एक युवक द्वारा हवा में कई राउंड फायरिंग की गई। यह घटना सुल्तानपुर रोड की बताई जा रही है। सोलन पुलिस ने फायरिंग करने वाले लड़के समेत कई अन्य हिरासत में ले लिए है। इनसे पूछताछ जारी है। इसकी पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है। सूचना के अनुसार, हवा में फायर करने वाला स्टूडेंट बताया जा रहा है। इसका किसी के साथ कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद छात्र ने हवा में फायरिंग की। इसके बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। यूनिवर्सिटी के छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक हवा में आठ से 10 राउंड गोलियां चलाते देखा जा सकता है। गोलीबारी की आवाज सुनकर कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। मगर सोलन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कुछ ही मिनटों में पकड़कर हिरासत में ले लिया। छात्र गुटों में लड़ाई: SP सोलन के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले शूलिनी विश्वविद्यालय के दो छात्र गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए गुरुवार को छात्रों के परिजनों को बुलाया गया था, जिसके दौरान यह फायरिंग की घटना हुई। पिस्टल के लाइसेंस की जांच की जा रही: गौरव एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी के पास मौजूद पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध, इसकी जांच की जा रही है। हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।


