फरीदाबाद के एक नंबर फावड़ा सिंह चौक पर आज दोपहर एक पुराने मकान में चल रहे रेनोवेशन के दौरान अचानक छज्जा गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, करीब 40 साल पुराने इस मकान में मरम्मत और रेनोवेशन का काम चल रहा था। निर्माण कार्य के लिए मजदूरों द्वारा लोहे की सेटरिंग लगाई गई थी, जिसे रस्सियों की मदद से छज्जे से निकले सरियों के साथ बांधा गया था। तारों पर जाकर अटका छज्जा मकान मालकिन सीमा ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे मजदूर खाना खाने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अचानक सेटरिंग सड़क की ओर झुकने लगी। यह सेटरिंग पास से गुजर रही 220 वोल्ट की बिजली लाइनों पर जाकर अटक गई। सेटरिंग छज्जे से बंधी होने के कारण उस पर अचानक खिंचाव पड़ा, जिससे पहले से कमजोर हो चुका छज्जा इस दबाव को सहन नहीं कर पाया और नीचे गिर गया। बिजली सप्लाई बंद की गई छज्जा और सेटरिंग दोनों बिजली की तारों पर गिरते ही स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मकान मालिक द्वारा बिजली विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद एहतियातन बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया। फिलहाल, मौके पर सेटरिंग को हटाने का कार्य किया जा रहा है। एक दिन पहले ही लगाया था लेंटर बताया जा रहा है कि छज्जे पर एक दिन पहले ही लेंटर किया गया था, जो अभी पूरी तरह से मजबूत नहीं हुआ था। इसी कारण वह सेटरिंग का वजन नहीं झेल सका और गिर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा उस समय होता जब सड़क पर आवाजाही रहती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।


