उदयपुर के गांधी ग्राउंड में बुधवार सुबह होमगार्ड भर्ती में फिजिकल टेस्ट के दौरान दौड़ते हुए अटैक आने से एक अभ्यर्थी की मौत हो गई। हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी ने बताया कि अभ्यर्थी नीलेश पाटीदार(27) पिता जगदीश निवासी गड़ी बांसवाड़ की मौत हुई है। अभ्यर्थी सुबह होमगार्ड भर्ती में फिजिकल टेस्ट देने पहुंचा था। उसने ग्राउंड का एक राउंड पूरा किया। इसके बाद दूसरा राउंड शुरू करते हुए वह अचानक जमीन पर गिर गया। वहां मौजूद स्टाफ द्वारा उसे अचेत अवस्था में तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में अटैक से मौत होना सामने आया है। थानाधिकारी ने बताया कि सूचना देकर हमने परिजनों को बुलाया। जिसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक की हाल सगाई हुई है और कुछ माह बाद शादी होने वाली थी। 350 पदों पर 7711 अभ्यर्थियों की भर्ती
उदयपुर जिले में 350 पदों के लिए कुल 7711 अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों और समय पर उपस्थित होने के लिए बुलाया जा रहा है। सुबह 7 बजे ग्रांधी ग्राउंड में इनका फिजिकल टेस्ट लिया जा रहा है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर मूल निवास, आयु, शैक्षणिक योग्यता, विशेष योग्यता, जाति, चिकित्सा, विवाह और पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित होने को कहा गया।


