पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में MBBS स्टूडेंट से गैंगरेप केस में पीड़ित के पिता ने सीएम ममता बनर्जी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया। पिता ने कहा- वह (मुख्यमंत्री) भी एक महिला हैं। वह (ममता बनर्जी) इतनी गैर-जिम्मेदाराना बात कैसे कह सकती हैं? क्या महिलाओं को अपनी नौकरी छोड़कर घर बैठ जाना चाहिए? ऐसा लगता है कि बंगाल औरंगजेब के शासन में है। मैं अपनी बेटी को वापस ओडिशा ले जाना चाहता हूं। उसकी जिंदगी पहले है, उसका करियर बाद में। दरअसल दुर्गापुर में 10 अक्टूबर की रात मेडिकल स्टूडेंट के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। पीड़ित ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है और दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है। यह घटना मेडिकल कॉलेज कैंपस के बाहर हुई। ममता ने कहा था- पीड़ित रात के 12:30 बजे बाहर कैसे गई CM ममता ने रविवार को मामले पर कहा था- मैं इस घटना को देखकर स्तब्ध हूं, लेकिन निजी मेडिकल कॉलेजों को भी अपने छात्रों, खासकर लड़कियों का ध्यान रखना चाहिए। पीड़ित रात के 12:30 बजे बाहर कैसे आ गई। ममता ने आगे कहा- लड़कियों को रात में बाहर नहीं निकलने देना चाहिए। उन्हें अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। खासकर सुनसान इलाकों में सतर्क रहना चाहिए। इस घटना की पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की है। निजी कॉलेजों को छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। ममता के इस बयान के बाद बंगाल भाजपा ने उनकी कड़ी आलोचना की। इसके बाद ममता ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा- मीडिया ने मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। आप मुझसे एक सवाल पूछते हैं, मैं उसका जवाब देती हूं। इस तरह की राजनीति न करें। 10 अक्टूबर को मेडिकल स्टूडेंट का हुआ था रेप
दुर्गापुर में 10 अक्टूबर की रात एक मेडिकल स्टूडेंट के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। पीड़ित अपने एक पुरुष दोस्त के साथ डिनर पर गई थी। पीड़ित के मुताबिक, वापस लौटते समय कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोका। उसका दोस्त उसे छोड़कर भाग गया, जिसके बाद आरोपियों ने उससे दरिंदगी की। पुलिस ने 11 अक्टूबर को बताया कि पीड़ित ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है और दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है। यह घटना मेडिकल कॉलेज कैंपस के बाहर हुई। मेडिकल छात्रा का पास के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्रा की आपबीती, 4 पॉइंट्स में… भाजपा ने दुर्गापुर में छह दिनों का धरना शुरू किया
घटना के विरोध में बंगाल में विपक्षी भाजपा ने सोमवार को दुर्गापुर में छह दिनों के लिए धरना शुरू किया। बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सिटी सेंटर इलाके में धरना शुरू किया। मंच से ममता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक TMC कार्यकर्ता है। 2024: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था पश्चिम बंगाल में मेडिकल स्टूडेंट के साथ गैंगरेप की इस घटना ने 2024 के आरजी कर मामले की यादें ताजा कर दीं। कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 8-9 अगस्त की रात एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। 9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की लाश सेमिनार हॉल में मिली थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को अरेस्ट किया था। 20 जनवरी, 2025 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। इस घटना को लेकर कोलकाता समेत देशभर में आक्रोश फैला था। बंगाल में 2 महीने से भी ज्यादा समय तक मेडिकल सेवाएं ठप रही थीं। बंगाल महिलाओं पर अपराध के मामले में टॉप-5 राज्यों में शामिल नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने 30 सितंबर को देश में 2023 के दौरान हुए अपराधों की रिपोर्ट सार्वजनिक की। इस रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं पर अपराध के मामले में पश्चिम बंगाल देश के टॉप 5 राज्यों में चौथे नंबर पर है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में यूपी, महाराष्ट्र, राजस्थान सबसे आगे हैं। वहीं, पांचवे नंबर पर मध्य प्रदेश है। NCRB ने बताया कि 2023 में महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े 4 लाख 48 हजार 211 केस दर्ज हुए, जिसमें सबसे ज्यादा ‘पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता’, ‘अपहरण’, ‘बलात्कार’ और ‘छेड़छाड़’ के मामले थे। ………………………. रेप से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली में मेडिकल स्टूडेंट से एक महीने तक रेप, आरोपी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था दिल्ली में एक 18 साल की MBBS स्टूडेंट से एक महीने तक रेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 20 साल के एक युवक ने उसे दिल्ली के आदर्श नगर स्थित एक होटल के कमरे में पार्टी के बहाने बुलाया था। वहां उसके दो दोस्त भी थे। तीनों ने उसकी ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। युवती के बेहोश होने पर मुख्य आरोपी ने उसका रेप किया, जबकि अन्य दो युवकों ने इसे रिकॉर्ड किया। पूरी खबर पढ़ें…
दुर्गापुर गैंगरेप केस, पिता बोले- बंगाल में औरंगजेब का शासन:महिला होकर ममता की बातें गैर-जिम्मेदाराना; मामले में अब तक 5 गिरफ्तार


