संभल में डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा:भाजपा नेता के एक भतीजे की मौत, दो घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

संभल में डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा:भाजपा नेता के एक भतीजे की मौत, दो घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

संभल में एक सड़क हादसे में भाजपा नेता के भतीजे की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके दो अन्य भतीजे घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है।यह हादसा शनिवार रात करीब 9:30 बजे संभल के बहजोई कोतवाली क्षेत्र के शोभापुर गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान कैलादेवी थाना क्षेत्र के रुदायन गांव निवासी विनेश यादव (45) पुत्र बलवंत सिंह के रूप में हुई है। घायलों में बलवंत सिंह के पुत्र दरबारी और बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के जगरामपुर गांव निवासी गुलाब सिंह के पुत्र कुंवरपाल शामिल हैं। पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिनेश यादव को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि मृतक और घायल बहजोई क्षेत्र के बंजरपुरी गांव में रिश्तेदारी में किसी काम से गए थे। घर लौटते समय उनकी बाइक में पंचर हो गया था। पंचर ठीक करवाने के बाद जब वे घर के लिए निकले, तो उन्हें याद आया कि हेलमेट दुकान पर ही छूट गया है। हेलमेट लेने के लिए वापस पंचर की दुकान की ओर जाते समय पीछे से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। विनेश यादव की ताई सुरभि यादव जिला पंचायत सदस्य हैं। ताऊ विरलेश यादव भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पश्चिमी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं। चाचा राजीव यादव ग्राम प्रधान हैं। घायल दरबारी ने बताया कि वे अपने सगे भाई और एक अन्य भाई के साथ रिश्तेदारी में गए थे। उन्होंने भी हेलमेट छूटने और उसे लेने वापस जाते समय डंपर द्वारा टक्कर मारे जाने की बात कही। विनेश यादव अपने पीछे पत्नी लाली, 17 वर्षीय बेटे धर्मेंद्र, 16 वर्षीय बेटी अंशु और 14 वर्षीय बेटी सुमन्का को छोड़ गए हैं। थाना बहजोई प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है, दो लोग घायल हुए हैं। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है परिजनों की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *