पहाड़ों में बर्फबारी से एमपी में हाड़ कंपाने वाली ठंड, शीतलहर की चपेट में कई जिले, यहां 2.5 डिग्री पहुंचा पारा

पहाड़ों में बर्फबारी से एमपी में हाड़ कंपाने वाली ठंड, शीतलहर की चपेट में कई जिले, यहां 2.5 डिग्री पहुंचा पारा

Cold Wave Alert : पहाड़ों में जारी बर्फबारी के प्रभाव से चल रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। इसी क्रम में बीती रात प्रदेश में रात का सबसे कम 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मंदसौर में दर्ज हुआ। इसके अलावा, सूबे के भोपाल, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, रीवा, शहडोल और मंदसौर जिले में शीतलहर चली।

हालात ये रहे कि, प्रदेश के 30 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। दिन का सबसे कम 20.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर में सुबह के समय अति घना कोहरा देखने को मिला। जबकि, खजुराहो, नौगांव एवं सीधी में मध्यम कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 48 घंटे प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा समय में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में सक्रीय है। पूर्वोत्तर भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 213 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। मंगलवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में मंगलवार तड़के तक तापमान में ऐसी ही कसावट रह सकती है, जबकि मंगलवार रात से तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *