बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के पट्टापल्ली गांव में शुक्रवार सुबह एक किसान का मकान शॉर्ट सर्किट से जलकर राख हो गया। इस घटना में किसान मुत्तैया रेंगा के घर में रखी लाखों रुपए की नगदी, जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गए। घटना के समय किसान मुत्तैया रेंगा अपने निजी काम से उसूर गए हुए थे। स्कूल जा रहे बच्चों ने उनके घर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था। आग से घर में रखे नगदी, सोना, जमीन के पट्टे, बैंक पासबुक, अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज, कपड़े, दो पलंग और धान सहित कई घरेलू सामान जल गए। बताया गया है कि बकरी, गाय, टोरा और महुआ बेचकर जमा की गई लाखों रुपए की नगदी भी इस आगजनी में नष्ट हो गई। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद जांच जारी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने उसूर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच की मांग की है। उसूर के तहसीलदार अंकित सिंह राजपूत ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने संबंधित हल्का पटवारी को मौके पर भेज दिया है और नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


