संभल में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। हमले में एक पिता और उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पिता की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, संभल के थाना नखासा क्षेत्र अंतर्गत लाखोरी भारतल गांव में यह घटना हुई। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कासिम, मेहरबान और उनके साथियों ने लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला किया। रास्ते को लेकर हुआ विवाद घायल बब्बू (पुत्र मान सिंह) और उनके बेटे विकास व विक्की ने बताया कि उनके घर के पास गली में निकलने का उचित रास्ता नहीं है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष जबरन वहां से गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहा था। विरोध करने पर किया हमला परिजनों के अनुसार, जब बब्बू ने गाड़ी निकालने से रोका और घर को नुकसान न पहुंचाने की बात कही, तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बेटों को भी नहीं बख्शा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। प्रशासन और पुलिस ने पूर्व में समझौता कराने की कोशिश की थी, लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया। घटना के बाद घायल परिवार थाने पहुंचा। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बब्बू की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


