लखनऊ-मुंबई रूट की लोकप्रिय ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस के स्टेशन बदलने का असर पहले ही दिन साफ दिखाई दिया। 38 साल बाद लखनऊ जंक्शन से हटकर गोमती नगर स्टेशन से शुरू हुई पुष्पक एक्सप्रेस अपने तय समय से करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। देर रात ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को ठंड में प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहना पड़ा, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली। गोमती नगर से 8:45 बजे रवाना, किराया वही 26 जनवरी से लागू हुए नए शेड्यूल के तहत पुष्पक एक्सप्रेस अब गोमती नगर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन रात 8 बजकर 45 मिनट पर रवाना हो रही है। स्टेशन बदलने से मुंबई की दूरी 13 किलोमीटर बढ़कर 1441 किलोमीटर हो गई है, हालांकि रेलवे ने साफ किया है कि किराए में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया स्टेशन बदलने को लेकर लखनऊ और आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों की प्रतिक्रियाएं बंटी हुई नजर आईं। गोमती नगर और आसपास के इलाकों के यात्रियों ने फैसले का स्वागत किया, जबकि पुरानी लखनऊ और चारबाग क्षेत्र के लोगों ने इसे अपनी मुश्किल बढ़ाने वाला बताया। गोमती नगर निवासी हरि ओम बोले- अब ट्रैफिक से राहत मिली गोमती नगर निवासी हरि ओम मुंबई जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा- पहले लखनऊ जंक्शन पहुंचने में करीब एक घंटा लग जाता था, ऊपर से ट्रैफिक जाम अलग। अब ट्रेन यहीं से चल रही है, तो हमारे लिए काफी सहूलियत हो गई है। राजेश कन्नौजिया बोले- हजरतगंज-चारबाग का झंझट खत्म गोमती नगर के राजेश कुमार कनौजिया ने बताया- पहले हजरतगंज का ट्रैफिक झेलते हुए चारबाग जाना पड़ता था। अब यह परेशानी खत्म हो गई है। सबसे अच्छी बात यह है कि दूरी बढ़ने के बावजूद किराया नहीं बढ़ाया गया। अयोध्या से आने वाले यात्रियों को भी राहत अयोध्या निवासी मोहम्मद वसीम ने कहा- अब गोमती नगर से ट्रेन चलने से हमें काफी आसानी हो गई है। अंदर शहर के ट्रैफिक में फंसने से बच गए हैं। स्टेशन भी अब बहुत खूबसूरत बन गया है। पुरानी लखनऊ के लोगों की बढ़ी मुश्किल वहीं सरफराजगंज निवासी ताहिर का कहना है कि पहले चारबाग से ट्रेन मिल जाती थी, समय भी बचता था। अब गोमती नगर पहुंचने के लिए कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलना पड़ेगा। किराया नहीं बढ़ा है, लेकिन दूरी जरूर बढ़ गई है। प्रचार की कमी से लोग परेशान यात्रियों का कहना है कि स्टेशन बदलने का प्रचार ठीक से नहीं किया गया, जिससे पहले दिन कई लोग असमंजस में दिखे। पुरानी लखनऊ के फिरोज ने बताया कि लखनऊ जंक्शन पहुंचना हमारे लिए आसान था। अब गोमती नगर आने में करीब एक घंटा लग जाता है। स्टेशन बदलने से पुरानी लखनऊ के यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है।


