भास्कर न्यूज | लुधियाना पुरानी रंजिश के चलते बुधवार रात पक्खोवाल रोड स्थित देव कॉलोनी इलाके में आधा दर्जन युवकों ने दो दोस्तों पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों की पहचान मनप्रीत कुमार उर्फ काका (28) निवासी देव नगर और उसके दोस्त जगदीप सिंह (28) निवासी गांव फुल्लांवाल के रूप में हुई है। घायल जगदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार रात अपने दोस्त मनप्रीत के घर देव कॉलोनी आया हुआ था। देर रात दोनों पैदल मेन रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब छह युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जगदीप के अनुसार, हमलावरों ने मनप्रीत पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मनप्रीत सड़क पर गिर पड़ा और बेसुध हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलने पर थाना सदर के अंतर्गत पड़ती पुलिस चौकी बसंत एवेन्यू की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।


