करों की वसूली में कमी से नपा को नहीं मिल रही तंगी से उबरने संजीवनी

करों की वसूली में कमी से नपा को नहीं मिल रही तंगी से उबरने संजीवनी

recovery of outstanding taxes नरसिंहपुर. लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रही नगरपालिका नरसिंहपुर को बकाया करों की वसूली से संजीवनी नहीं मिल पा रही है। जिससे निकाय तंगी से उबर सके और कर्मचारियों को राहत देने के साथ ही अन्य कार्यो में बनी धन की कमी का रोड़ा दूर किया जा सके। खास यह भी है कि करों की वसूली के लिए वार्ड प्रभारियों को जो लक्ष्य और जिम्मेदारी दी गई है उसमें प्रभारी भी खरे नहीं उतर पा रहे हैं। जिससे वसूली लक्ष्य के मुकाबले कम आ रही है।
नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के तहत आने 28 वार्डो से वित्तीय वर्ष 2025-26 में कई मदों में वसूली लक्ष्य से काफी कम रही है। आंकड़ों के मुताबिक मार्च तक कुल कर मांग 5 करोड़ 54 लाख 11 हजार 418 रुपए के मुकाबले अब तक लगभग 2 करोड़ 21 लाख 31 हजार 237 रुपए की ही वसूली हो सकी है, जो करीब 40 प्रतिशत के आसपास है। जिसमें संपत्तिकर, समेकित कर, नगर विकास उपकर, प्रकाश उपकर, विशेष सफाई कर, वार्षिक भवन भूमि किराया, जलकर और अन्य कर शामिल हैं। इनमें से कई मदों में वसूली की दर 20 से 40 प्रतिशत के बीच ही दर्ज की गई है। कुछ मदों में स्थिति और कमजोर है, जहां लक्ष्य के मुकाबले वसूली बेहद कम बताई जा रही है।
निकाय के अनुसार संपत्तिकर में लगभग 28 प्रतिशत, समेकित कर में 39 प्रतिशत, नगर विकास उपकर में करीब 22 प्रतिशत तथा प्रकाश उपकर में लगभग 24 प्रतिशत वसूली दर्ज की गई है। विशेष सफाई कर में लगभग 47 प्रतिशत और जलकर में करीब 66 प्रतिशत वसूली हुई है, जबकि अन्य करों में 100 प्रतिशत वसूली दर्ज हुई है।
नगर पालिका के कर विभाग के अनुसार लक्ष्य के अनुरूप वसूली बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और बकायादारों से संपर्क कर भुगतान कराने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय वर्ष समाप्ति तक वसूली में और सुधार की उम्मीद है।
फैक्ट फाइल (मदवार वसूली और बकाया)
संपत्तिकर
वसूली- 60,87,453 रुपए
बकाया-1,58,34,254 रुपए
समेकित कर
वसूली- 11,06,529 रुपए
बकाया-17,66,678 रुपए
नगर विकास उपकर
वसूली-12,00,890 रुपए
बकाया- 42,79,780 रुपए
प्रकाश उपकर
वसूली-19,40,543 रुपए
बकाया-62,17,514 रुपए
विशेष सफाई कर
वसूली- 6,07,945 रुपए
बकाया- 6,72,955 रुपए
वार्षिक भवन भूमि किराया
वसूली- 4,58,348 रुपए
बकाया- 14,73,652 रुपए
जलकर
वसूली-59,44,380 रुपए
बकाया- 30,53,350 रुपए
कुल
कुल वसूली-2,21,31,237 रुपए
कुल बकाया- 3,32,80,181 रुपए
वर्जन
करों की वसूली अधिक से अधिक कराने निरंतर प्रभारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। जो वसूली में लापरवाही बरत रहे हैं या उनकी वसूली कम रहेगी उन्हें नोटिस देकर जबाब लिया जाएगा। निकाय की लोगों से भी अपील है कि वह करों का भुगतान समय पर करें जिससे नगर विकास के कार्य सुचारू चल सकें।

नीलम चौहान, सीएमओ नगरपालिका नरसिंहपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *