बरेली के शाही-फतेहगंज पश्चिमी रोड पर शनिवार सुबह एक स्कूली बस और पिकअप कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। गनीमत रही कि बस में स्कूली बच्चे सवार नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना सुबह करीब आठ बजे हुई, जब घना कोहरा छाया हुआ था और कच्ची मिट्टी के कारण सड़कें फिसलन भरी थीं। शाही की ओर से बरेली जा रही स्कूल बस और बरेली की ओर से शाही आ रही पिकअप कार लमकन गांव के भट्टे के पास आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तिलियापुर, थाना सीबीगंज निवासी पिकअप चालक इसरत और कुरतरा, थाना फतेहगंज पश्चिम निवासी बस चालक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को निजी वाहन से इलाज के लिए बरेली भेजा गया। ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण भट्टे से कच्ची ईंटें ढोने वाले वाहनों द्वारा सड़क पर टूटी ईंटों के टुकड़े फेंकना था। रात में कोहरे के कारण ये ईंटें गीली होकर सड़क को फिसलन भरा बना देती हैं। शनिवार को भी इसी फिसलन के कारण दोनों वाहन टकरा गए। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


