फतेहपुर में चर्च के अंदर धर्मांतरण का आरोप:बजरंग दल का हंगामा, हंगामा देख डीएसपी मौके पर पहुंचे

फतेहपुर में चर्च के अंदर धर्मांतरण का आरोप:बजरंग दल का हंगामा, हंगामा देख डीएसपी मौके पर पहुंचे

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक चर्च के अंदर धर्मांतरण के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। राधानगर थाना क्षेत्र स्थित इंडिया प्रेसबाईटेरियन चर्च में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चर्च के भीतर हिंदू महिलाओं को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। कार्यकर्ताओं के अनुसार, चर्च में बड़ी संख्या में हिंदू महिलाएं मौजूद थीं, जिससे उनका आक्रोश बढ़ गया। हंगामे की सूचना मिलते ही थरियांव डीएसपी वीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने चर्च के पादरी डेविड को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के दौरान हालात और तनावपूर्ण हो गए, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हिरासत में लिए गए पादरी से पूछताछ की जा रही है। बजरंग दल के जिला संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चर्च में बड़ी संख्या में हिंदू महिलाओं को बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चर्च का पादरी महिलाओं को पानी पिलाकर धर्म परिवर्तन करा रहा था। जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। डीएसपी वीर सिंह ने जानकारी दी कि चर्च में कुछ हिंदू महिलाएं आई थीं। वे क्यों आई थीं, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। उन्होंने बताया कि पादरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *